कुशीनगर: जनपद के पटहेरवा थाना अन्तर्गत बगही कुट्टी के समीप एनएच-28 पर रविवार को हुई भयानक सडक़ हादसे में आन द स्पाट चार लोगों की मौत हो गयी है, जबकि दो लोगों का इलाज चल रहा है। हादसे मे शिकार लोग अर्टिका कार से झारखंड के देवघर और पडोसी राज्य बिहार के थावे मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।
मृतकों में सुजीत जायसवाल मिठवल ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी थे, जबकि रामकरण गुप्ता शोहरतगढ़ में कानूनगो, मनोज कुमार सिंह फूलपुर निवासी और कैलाश मणि नपा सिद्धार्थ नगर में शिक्षक के रूप में तैनात थे।
सभी झारखंड देवघर जलाभिषेक करके लौट रहे थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताया गया कि सिद्धार्थनगर से 6 लोग अर्टिगा कार से बिहार के गोपालगंज स्थित थावे दुर्गा मंदिर दर्शन करने गए थे, वापसी के दौरान पटहेरवा थाने के बगही गांव के पास फोरलेन पर ट्रैक्टर से कार की टक्कर हो गई। टक्कर काफी तेज थी, जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में मनोज सिंह पुत्र ब्रजभूषण सिंह, सुजीत जायसवाल, रामकरण गुप्ता, कैलाश मणि त्रिपाठी की मौत हो गई। वहीं, कार के एयरबैग खुलने से ड्राइवर राजेश शर्मा पुत्रकृष्ण चंद्र शर्मा और आगे बैठे प्रशांत कुमार की जान बच गई, हालांकि हादसे में दोनों घायल हो गए है, दोनों को सीएचसी तमकुहीराज में भर्ती कराया गया है।
एसडीएम व विधायक भी पहुंचे घटना स्थल
हादसे की जानकारी मिलते ही तमकुहीराज एसडीएम आकांक्षा मिश्रा, कसया विधायक पीएन पाठक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम आकांक्षा मिश्रा का कहना है कि कार में छह लोग सवार थे, जिनमें चार लोगो की मौत हो चुकी है और दो का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि कैलाश मणि तिवारी नगर पालिका परिषद, सिद्धार्थनगर में शिक्षक थे। परिवार में पत्नी रेनू त्रिपाठी, पुत्र हर्षवर्धन तिवारी (प्रथम वर्ष), मां शकुंतला त्रिपाठी हैं, जबकि सुजीत जायसवाल मिठवल विकास खंड में ग्राम विकास अधिकारी थे। रामकरण गुप्ता गोरखपुर में कानूनगो है, वे मधुकरपुर, सिद्धार्थनगर के रहने वाले थे, जबकि मनोज कुमार सिंह थाना बांसी अंतर्गत फूलपुर के थे।
