दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार की मौत, तीन घायल

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आमने सामने दो बाइकों की भिड़ंत में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को लोहिया अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सक ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन घायलों का उपचार जारी है। इनमें से एक की हालत गम्भीर बनी हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक समेत आलाधिकारी लोहिया अस्पताल पहुंचे और घायलों के हालचाल लिये।

image description

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित पाल गेस्ट हाउस के सामने अपाचे व स्प्लेंडर बाइक में आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गयी। दोनों बाइकों पर सवार बृजमोहन पुत्र सुग्रीव निवासी भरतपुर रसूलपुर कोतवाली मोहम्मदाबाद, अजय पुत्र गीतानंद निवासी भरतपुर रसूलपुर कोतवाली मोहम्मदाबाद, महेंद्र पुत्र रामपाल निवासी हुसैनपुर नोखडा कोतवाली फतेहगढ़, अंकित पुत्र सुखदेव थाना कमालगंज को लोहिया अस्पताल में ड्यिूटी पर तैनात ईएमओ डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने मृत घोषित किया। घायल युवक आशीष कुशवाह की भी हालत गंभीर बतायी जा रही है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गयी। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने निजी वाहन से तीन घायलों को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर लोहिया अस्पताल में सीओ सिटी प्रदीप सिंह, कोतवाल फतेहगढ़ हरिश्याम सिंह व थानाध्यक्ष कादरीगेट विनोद शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *