समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। महाराष्ट्र पुलिस की एक महिला हेड कांस्टेबल,एक होमियोपैथी चिकित्सक और दो गृहणियों समेत चालीस पार की चार महिलाएं 1350 किलोमीटर साइकिल चलाकर चौदह दिनों में अयोध्या पहुंचीं और श्रीराम लला का दर्शन पूजन किया।चिप्पलून, रत्नागिरि महाराष्ट्र की इन साइकिल यात्रियों ने पूना के तुलसीबाग स्थित पेशवा कालीन मन्दिर से पूजन अर्चन करके 21 सितम्बर को अयोध्या के लिए प्रस्थान किया।इसमें ज्योति परांजपे गृहणी 59 वर्ष,रमा कर्मारकर हेड कांस्टेबल महाराष्ट्र पुलिस 47 वर्ष,डा.अश्वनी गणपत्ये होम्योपैथी चिकित्सक 45 वर्ष तथा धनश्री गोखले गृहणी 40 वर्ष शामिल हैं।रवाना होने के बाद रास्ते की सारी जिम्मेदारी विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने संभाली।वैसे महिलाओं की टोली के साथ बसंत जोशी और जयन्त केलकर सपोर्ट टीम के रूप में थे।महाराष्ट्र से निकलकर मध्य प्रदेश में महेश्वर,उज्जैन,इंदौर यूपी में झांसी,कालपी और लखनऊ होते हुए रोज बारह घंटे सौ से डेढ़ सौ किमी साइकिल चलाकर अयोध्या पहुंचीं और श्रीराम लला का दर्शन किया।आज सुबह साइकिल यात्री ये महिलाएं कारसेवक पुरम पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय से मिलीं।
अमिताभ श्रीवास्तव
