उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अचलगंज थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते 25 वर्षीय टेनरी मजदूर सुधीर पाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही दोस्त रंजीत पाल ने कानपुर के एक झोलाछाप डॉक्टर संदीप निषाद के साथ मिलकर सुधीर का गला दबाकर हत्या कर दी। जिसके बाद शव को बदरका-छेरिहा गांव के बीच एक खेत में घास से दबाकर भाग निकले, जिससे किसी को भनक न लगे।
बलियाखेड़ा गांव निवासी रामसजीवन का बेटा सुधीर पाल 12 दिसंबर की शाम अपने दोस्त रंजीत के साथ अचलगंज गया था। रंजीत रात में वापस लौट आया, लेकिन सुधीर घर नहीं पहुंचा। परिजनों को रंजीत ने बताया कि वह सुधीर को बदरका गांव में छोड़कर चला गया था। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। 13 दिसंबर को बदरका-छेरिहा गांव के बीच कच्चे रास्ते पर एक लावारिस बाइक मिली। पुलिस ने नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। मौके पर रंजीत भी पुलिस के साथ पहुंचा, लेकिन घटनास्थल से महज 50 मीटर दूर खेत में पड़े शव की ओर उसने किसी का ध्यान नहीं जाने दिया। पुलिस और परिजन बिना कुछ पता चले लौट आए।
रविवार सुबह खेत जा रहे किसानों ने झाड़ियों के बीच एक शव पड़ा देखा। गले में साड़ी के किनारे से बनी रस्सी का फंदा था और मुंह से खून निकल रहा था। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची। जहां शव की शिनाख्त सुधीर पाल के रूप में हुई।
पुलिस ने जब रंजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह बार-बार बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या की साजिश कबूल कर ली। रंजीत ने बताया कि सुधीर का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। बाद में वही युवती कानपुर निवासी झोलाछाप संदीप निषाद के संपर्क में आ गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश बढ़ती चली गई।
पुलिस के अनुसार बीते छह महीने पहले सुधीर और झोलाछाप संदीप के बीच युवती को लेकर विवाद और मारपीट भी हुई थी। तभी से दोनों आरोपी बदला लेने की फिराक में थे। 12 दिसंबर की रात शराब पीने के बाद उन्होंने सुधीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और
हत्या करने के बाद रंजीत जयपुर भागने की तैयारी में कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक पहुंच गया था, लेकिन सुधीर की बाइक मिलने की खबर सुनकर लौट आया। इसके बाद वह खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए सुधीर को तलाशने का नाटक करता रहा। यही हरकतें पुलिस के शक की वजह बनीं। जांच में सामने आया कि हत्या की रात सुधीर ने पहले अपने मोबाइल से संदीप को फोन किया, फिर रंजीत के फोन से बात हुई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बयानों के मिलान से साजिश की पुष्टि हुई। रंजीत की निशानदेही पर झोलाछाप संदीप को छेरिहा गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जयप्रकाश सिंह बदरका चौकी पहुंचे और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पुलिस ने सुधीर के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दोस्त ने प्रेमिका के लिए दोस्त की गला दबाकर की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
