
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। सर्दी में छत पर धूप लेने गये अधेड़ पर बंदरों ने हमला कर दिया। जिससे वह नीचे गिरकर गम्भीर रुप से घायल हो गये। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को ग्राम हरसिंहपुर निवासी 50 वर्षीय जगतपाल अपनी छत पर धूप सेंक रहे थे, तभी अचानक उन पर बंदरों ने हमला बोल दिया। बंदरों के हमले से भयभीत जगतपाल अचानक छत से नीचे गिर गये और गम्भीर रुप से घायल हो गये। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी अमृतपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे हलका इंचार्ज ने मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव के निवासी वीरपाल, होतेलाल, रामवीर, प्रखर आदि लोगों का कहना है कि बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। वन विभाग इस तरफ कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते आए दिन बंदर बच्चों महिलाओं और पुरुषों पर हमला कर देते हैं और उन्हें घायल कर देते हैं। उसी के कारण यह घटना घटित हुई और जगतपाल को अपनी पत्नी उर्मिला का साथ बीच में ही छोडक़र इस दुनिया से जाना पड़ा।
