एफएसएल रिपोर्ट में मीथेन गैस से कोचिंग सेंटर में हुआ विस्फोट

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिन सातनपुर मंडी में एक कोचिंग सेंटर में हुए विस्फोट के बाद लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे थे, लेकिन इन कयासों पर उस समय विराम लग गया, जब एफएसएल रिपोर्ट में मीथेन गैस से विस्फोट होने की पुष्टि हुई।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए धमाके के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट में बारूद या किसी विस्फोटक पदार्थ के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि धमाका सेफ्टी टैंक में वेंटिलेशन की कमी और मीथेन गैस के जमाव के कारण हुआ था। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय कुमार सिंह ने बताया कि एफएसएल की जांच रिपोर्ट के अनुसार यह कोई बारूदी विस्फोट नहीं था, बल्कि गैस प्रेशर से हुआ हादसा था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान एटीएस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए थे। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अब यह साफ हो गया है कि हादसा तकनीकी कारणों से हुआ। किसी साजिश या आपराधिक गतिविधि से इसका कोई संबंध नहीं है। थाना कादरीगेट क्षेत्र के एक कोचिंग सेंटर में अचानक हुए विस्फोट में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के बाद सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्मों पर बारूद से विस्फोट होने की अफवाहें तेजी से फैल गई थीं। जिससे लोगों में दहशत का माहौल था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एटीएसए बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया था। टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर विभिन्न सैंपल जांच के लिए भेजे थे। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। एएसपी डॉ0 संजय कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी असत्य जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *