हरियाणा: ट्रेन में महिला से गैंगरेप, आरोपियों ने फेंका रेलवे ट्रैक पर, कटा पैर

समृद्धि न्यूज। हरियाणा के पानीपत रेलवे स्टेशन पर एक 35 वर्षीय महिला के साथ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, फिर उसे ट्रेन में बैठाकर सोनीपत ले गए। वहां रेलवे ट्रैक पर फेंकने से महिला का पैर ट्रेन से कट गया। गंभीर रूप से घायल महिला रोहतक में अस्पताल में भर्ती है, जहां उसने दुष्कर्म की आपबीती सुनाई।
पुलिस ने सोमवार को कहा कि उन्हें 26 जून को महिला की गुमशुदगी की शिकायत मिली थी। उसके पति ने उन्हें बताया कि वह झगड़ा होने के बाद 24 जून से लापता है। पति ने पुलिस को कहा कि पहले भी वह घर छोडक़र गई थी, लेकिन वह खुद ही घर लौट आती थी। इस बीच, महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक नजदीकी रेलवे स्टेशन पर बैठी थी तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और उसने दावा किया कि उसे उसके पति ने भेजा है। किला पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी श्रीनिवास ने कहा, महिला ने बताया कि वह व्यक्ति उसे अपने साथ एक खड़ी ट्रेन की खाली बोगी में ले गया। जहां उसने उससे दुष्कर्म किया। बाद में दो और व्यक्ति भी आ गए और उन्होंने भी दुष्कर्म किया।
इस घटना से सदमे में दिखी महिला ने यह भी बताया कि बाद में उसे सोनीपत ले जाया गया। जहां आरोपियों ने उसे ट्रेन की पटरियों पर फेंक दिया और एक ट्रेन के गुजरने के कारण उसने अपना एक पैर गंवा दिया। बाद में उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सोनीपत और पानीपत जीआरपी ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीडि़ता के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *