अलीगढ़: ट्रैक पर रखा गैस सिलेंडर, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी एक्सप्रेस, ट्रेन पलटाने की साजिश तो नहीं

अलीगढ़, समृद्धि न्यूज। अलीगढ़ जिले के सीमा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एलपीजी गैस सिलेंडर मचाने से हडक़ंप मच गया। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर खाली एलपीजी गैस सिलेंडर मिलने से ट्रेन रोकी गई, यह घटना दिल्ली में हाल के विस्फोट के बाद पूरे प्रदेश में जारी सुरक्षा अलर्ट के बीच हुई, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। दिल्ली विस्फोट के बाद प्रदेश भर में जारी अलर्ट के बीच अलीगढ़ में देश के महत्वपूर्ण दिल्ली-हावड़ा रूट पर खाली एलपीजी गैस सिलिंडर पड़ा मिला। यह देख दिल्ली की ओर जा रही कैफियत एक्सप्रेस के चालक दल को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकनी पड़ी। शहरी आबादी में सीमा फाटक के पास ट्रैक पर सिलिंडर मिलने की खबर पर सुरक्षा टीमें दौड़ पड़ीं। इसे ट्रेन पलटाने की साजिश या शरारत मानकर जांच की जा रही है। रेलवे द्वारा बन्नादेवी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शहरी आबादी क्षेत्र में सीमा फाटक (सीमा क्रॉसिंग) और जेल पुल के मध्य ट्रैक पर एक खाली 3 किलोग्राम का एलपीजी गैस सिलेंडर पाया गया। लोको पायलट ने इसे देखते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सिलेंडर पूरी तरह खाली था, लेकिन इसकी मौजूदगी ने ट्रेन पलटाने या रेल यातायात बाधित करने की साजिश के संदेह को जन्म दिया।
कैफियत एक्सप्रेस आजमगढ़ से प्रस्थान कर दिल्ली की ओर बढ़ रही थी। रविवार सुबह 05:20 बजे जब यह अलीगढ़ के उक्त खंड से गुजर रही थी, तो लोको पायलट की नजर ट्रैक पर पड़े सिलेंडर पर पड़ी, लोको पायलट ने फौरन इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे ट्रेन रुक गई। इससे ट्रेन के ड्राइवर दल और यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सूचना मिलते ही पॉइंट्समैन मौके पर पहुंचा और सिलेंडर की जांच की, जो खाली पाया गया। आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलजार सिंह के नेतृत्व में टीम पहुंची। सिलेंडर को ट्रैक से हटाया गया, कोई विस्फोटक या खतरा नहीं पाया गया, लेकिन इसे संदिग्ध माना गया। ट्रैक की जांच के बाद ट्रेन को रवाना किया गया, लेकिन घटना से रूट पर कुछ देरी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *