
पुलिस ने आलाकत्ल सहित किया गिरफ्तार, भेजा जेल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अवैध संबंधों के शक में महिला गीता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी पति को आला कत्ल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
थाना मऊदरवाजा के ग्राम गुतासी निवासी गीता की 31 जुलाई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में मृतका के भाई ने ससुरालवालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में वार्ता कर जानकारी दी कि मऊदरवाजा थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह, निरीक्षक रमेश कुमार, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, उपनिरीक्षक नितिन कुमार व एसओजी टीम प्रभारी अमित गंगवार तथा सर्विलांस टीम प्रभारी जगदीश भाटी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सीपी इंटरनेशल कालेज मोड ग्राम गुतासी के पास से हत्यारोपी पति अरुण कुमार पुत्र सतीश चन्द्र निवासी ग्राम गुतासी थाना मऊदरवाजा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानेदही पर हत्या में प्रयोग किया गया 315 बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस 315 बोर (एक नाल में फंसा हुआ) बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसे अपनी गीता के चाल-चलन व चरित्र पर शक था। जिसको लेकर मेरी आये दिन लड़ाई हुआ करती थी। बह किसी न किसी बहाने घर से चली जाती थी और मना करने पर भी नहीं मानती थी। मुझे संदेह रहता था कि उसका और लोगों के साथ अवैध संबंध है। 31 जुलाई को मेरी पत्नी 2 बजे रात में घर में शौचालय बने होने के बावजूद भी अकेले शौच के बहाने जंगल में गयी थी। मैं भी पीछे-पीछे उसे देखने के लिए गया था। कुछ दूरी पर खड़े होकर देखने पर मुझे ऐसा लगा कि वह किसी से बात कर रही है। मैं चुपके से झाडिय़ों के पीछे गया और उसके पीठ पर गोली मार दी, वह वहीं गिर गयी और मैंने फिर दूसरी गोली उसके सिर में मार दी। मंै मरा समझकर वहां से भाग आया। अपने चाचा सीमेन्द्र के खेत में मेड़ के किनारे तमंचा कारतूस छिपा दिया और घर आकर लेट गया। सुबह ५ बजे मैं पत्नी को ढूंढने का नाटक किया और शोर मचाया कि मेरी पत्नी की किसी ने हत्या कर दी है। वहीं एसपी ने बताया कि पहले से ही पति पर शक था, उसके हाथ में खून लगा था जिसका नमूना लेकर पत्नी के खून से चेक किया गया और जांच में पुख्ता सबूत मिलने पर यह कार्यवाही की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
