नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। रास्ते में बंधी भैंस की टक्कर से बाइक सवार युवती घायल हो गयी तथा बच्चे का पैर टूट गया। पीडि़त पिता ने थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम नगला दुली निवासी रविंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया बीते शाम उसकी पुत्री पूजा अपने भतीजे शिवाय 4 वर्ष को बाइक पर बैठालकर नवाबगंज बाजार जा रही थी। रास्ते में गांव के ही कुछ लोग सडक़ पर अपनी भैंस बांधते हैं। भैंस की टक्कर से पूजा की बाइक जमीन पर गिर गई। जिस पर बैठे शिवाय का पैर टूट गया और पूजा के भी चोटें आईं। इसकी जानकारी पर उन्होंने पुत्री और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया। जब इसकी शिकायत सडक़ पर भैंस बांधने वालों से की, तो दबंग एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा धमकी देने लगे। पीडि़त ने थाने पहुंचकर नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा लिखने की तहरीर दी है।
पति आये दिन शराब पीकर करता है मारपीट
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। पत्नी ने पति के खिलाफ शराब पीकर आये दिन मारपीट करने की तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम गुरसरापुर निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी अनुपम कुमार ने पुलिस को दिये गये प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पति आए दिन शराब पीकर घर में उसके साथ मारपीट करता है। शनिवार सुबह वह घर में साफ -सफाई कर रही थी। उसी समय शराब के नशे में आकर पति ने उसके साथ मारपीट की। महिला ने पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
ट्यूबवेल के पानी के विवाद में समरसेबिल में लगायी आग
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ट्यूबवेल के पानी के विवाद को लेकर दबंग ने समरसेबिल में आग लगा दी। पीडि़त ने पुलिस को नामदर्ज तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हीरा सिंह निवासी महेंद्र पाल सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि शनिवार सुबह उसका भतीजा राकेश अपने खेत में समरसेबिल से पानी लगा रहा था। उसी समय गांव के नामजद युवक उसके भतीजे राकेश के साथ गाली-गलौज करने लगे और ट्यूबवेल का पानी अपने खेत में कर लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंगों ने राकेश के साथ मारपीट की और समरसेबिल की केबिल में आग लगा दी। जिससे समरसेबिल की केबिल जल गई। सुबह थाने पहुंचकर महेंद्र सिंह ने नामजद युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
