समृद्धि न्यूज। दिल्ली के शाहदरा इलाके में शिव भक्त कावडिय़ों के लिए आरक्षित कावड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े मिलने से हडक़ंप मच गया है। दिल्ली के शाहदरा इलाके में कांवड़ यात्रा के मार्ग पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा कांच के टुकड़े बिखेर दिए गए। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया है कि ये टुकड़े करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैलाए गए थे, जिससे यात्रा में बाधा पहुंचाई जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पीडब्लूडी और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया।
कपिल मिश्रा ने स्थानीय विधायक संजय गोयल को मौके पर भेजा। विधायक के मुताबिक, कांवड़ मार्ग पर छोटे-छोटे कांच के टुकड़े मिले। संजय गोयल का कहना है कि शुक्रवार को भी इस कावड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े मिले थे, जिसकी सफाई कराई गई थी, लेकिन शनिवार को दोबारा कावड़ यात्रियों के लिए आरक्षित मार्ग पर कांच के टुकड़े बिखरे हुए मिले, जिससे लगता है कि साजिशन इस तरह के कृत्य किए जा रहे हैं। इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को भी दी गई है और दिल्ली पुलिस पूरे मार्ग पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन परिस्थितियों में कांच के टुकड़े कावड़ मार्ग पर बिखरे हुए मिले हैं।
दिल्ली: शाहदरा इलाके में कांवड़ यात्रा मार्ग पर एक किलोमीटर तक बिखरे मिले कांच के टुकड़े
