गोवा नाइट क्लब हादसा: सौरभ लूथरा और गौरव के खिलाफ FIR, चार गिरफ्तार

समृद्धि न्यूज। गोवा के नाइट क्लब में आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत हुई है। इस मामले में अरपोरा नागोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा पुलिस ने नाइटक्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गोवा के अरपोरा गांव के एक नाइट क्लब में सिलेंडर में ब्लास्ट के कारण आग में कम से कम 25 लोगों की मौत के मामले में सरकार ने एक्शन लिया है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक जांच कमेटी का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अंदर इलेक्ट्रिक पटाखे फोड़े गए थे, जिससे आग लगी, और क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रविवार शाम को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा, अभी चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हमने रोमियो लेन के दूसरे क्लब को पहले ही सील कर दिया है। सरकार किसी भी गैर कानूनी नाइट क्लब को बढ़ावा नहीं देती।

शुरुआती जांच में नाइट क्लब में कई खामियों की बात सामने आ रही है, जिनमें कहा जा रहा है कि नाइट क्लब में आग से बचाव के नियमों का उल्लंघन किया गया और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया। गोवा पुलिस के प्रमुख आलोक कुमार ने बताया कि सिलेंडर में धमाके की वजह से आग लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *