
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग में काफी दिनों से डॉक्टर नहीं आते और ना आज कोई जांच करने के लिए एलटी ही मौजूद रहा। फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने मरीज देखे और दवा दी। इस दौरान करीब 30 मरीज बिना जांच करवाये ही वापस लौट गये। वहीं पसियापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 मरीज पहुंचे। जहां डॉक्टर रूपेश ने मरीज देखे, लेकिन कोई एलटी मौजूद नहीं था। यहां भी बिना जांच के कई मरीज वापस लौट गये। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद में डॉक्टर स्मिता त्रिपाठी ने 40 मरीजों को देखा और उन्हें दवा दी, लेकिन कोई एलटी नहीं था। इसलिए किसी की जांच नहीं हो पाई। जांच न होने से मरीजों में मायूसी देखी गयी। मरीजों का कहना था कि सरकार को इससे तो अच्छा आरोग्य मेलों को बंद कर देना चाहिए। जब यहां पर कोई सुविधा नहीं मिलती, तो वह उनको करने से क्या फायदा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी संजय कुमार से मेलों में चाक चौबंद व्यवस्था करने की अपील की है।
