उत्तर प्रदेश में पीसीएस प्री परीक्षा 22 दिसंबर को होगी. इसको लेकर प्रशासन अलर्ट पर है. मुख्य सचिव ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं. निर्देश में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों तक सही प्रश्न पत्र पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए. मुख्य सचिव के निर्देश के अनुसार पीसीएस-प्री की परीक्षा 22 दिसंबर को सभी जिलों के कुल 1331 केंद्रों पर होगी. परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करा ली जायें. प्रश्न पत्र लीक न हो, इसका विशेष तौर पर ध्यान रखा जाये. कहा गया है कि यह भी सुनिश्चित कराया जाए कि परीक्षा में सही अभ्यर्थी बैठे और सही प्रश्न-पत्र परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचे. जिला स्तर पर आयोग से समन्वय स्थापित करने के लिए एक नोडल अधिकारी भी नामित किया जाए. मुख्य सचिव मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग, एसटीएफ व एलआईयू द्वारा अफवाह फैलाने वाले व नकल माफियाओं पर नजर रखी जाए। इसके अलावा सोशल मीडिया आदि पर अफवाह फैलाने वालों पर सतत निगरानी रखी जाये। परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने अथवा अनुचित साधनों का प्रयोग की स्थिति में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाये। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम देवराज, एडीजी एलओ एसटीएफ अमिताभ यश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
