वित्तविहीन स्कूल मेरिट के आधार पर बनेंगे सेंटर
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। माध्यमिक शिक्षा विभाग की बोर्ड परीक्षाओं हेतु परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारियां शुरु हो गयी हैं। केंद्र बनाये जाने में राजकीय एवं अनुदानित विद्यालयों को प्राथमिकता दी जायेगी। इसके अलावा वित्तविहीन विद्यालयों को मेरिट के आधार पर परीक्षा केंद्र बनाया जायेगा। इस हेतु दस बिन्दुओं के आधार पर अंक निर्धारित किये गये हैं।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 2026 नकलविहीन सम्पन्न कराने हेतु शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। पहले उसने बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम (स्कीम) जारी कर दिया है। अब परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी शुरु कर दी है। सभी विद्यालयों से परिषद की बेबसाइट पर मूलभूत सुविधायें जैसे छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, आवागमन मार्ग की स्थिति समेत अन्य संबंधित सूचना अपलोड कराने का कार्य शुरु हो गया है। परीक्षा केंद्र बनाये जाने में राजकीय एवं अनुदाति विद्यालयों को प्राथमिकता दी जायेगी। इसके बाद अगर केंद्रों की आवश्यकता होगी, तो वित्तविहीन विद्यालयों को मेरिट के आधार पर परीक्षा केंद्र बनाया जायेगा। वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने हेतु इंटर स्तर विद्यालयों को 20 अंक एवं हाईस्कूल स्तर के विद्यालय को १० अंक मेरिट हेतु निर्धारित किये गये हैं। जिसमें शिक्षण कार्य में प्रयोग होने वाले पक्के कमरे, फर्नीचर, सी.सी.कमरों की स्थिति समेत दस बिन्दुओं की अंकों की मेरिट निर्धारित की गयी है। जिन स्कूलों में प्रबंधक व प्रधानाचार्य में विवाद है वह किसी भी हालत में परीक्षा केंद्र नहीं बनेंगे।
बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण में राजकीय एवं अनुदाति विद्यालयों को मिलेगी वरीयता
