विद्यालयों में भवनों की मजबूती एवं डिजिटल आदि सुविधाओं की निगरानी करायेगी सरकार

 दो दिन में 14 स्कूलों का होगा निरीक्षण, 252 विद्यालयों का सैंपल होगा तैयार
स्कूलों की समीक्षा फर्जी आंकड़ों पर करने वालों की अब खैर नहीं
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सरकार प्रदेश के स्कूलों में भवनों की मजबूती को लेकर डिजिटल आदि की सुविधाओं की निगरानी करायेगी। बेसिक से लेकर माध्यमिक विद्यालयों तक की समीक्षा अब सिर्फ आंकड़ों पर नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत पर होगी। स्कूलों के निरीक्षण की रिपोर्ट प्रेरणा एप के माध्यम से दर्ज की जायेगी, जिसकी निगरानी राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा की जायेगी। निरीक्षण इसी माह से शुरु हो जायेगा।
शिक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक स्कूलों की समीक्षा फर्जी आंकड़ों पर करने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत शासन ने 18 वरिष्ठ शिक्षाधिकारियों की टीम गठित की है। सभी मंडलों में दो-दो जिलों का निरीक्षण करेगी। जिसमें स्कूलों के भवन की मजबूती के साथ-साथ वहां डिजिटल सुविधाओं तक की निगरानी एवं जांच होगी। प्रत्येक टीम को दो दिनों में कम से कम 14विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा। जिससे 252 विद्यालयों का सैंपल तैयार किया जायेगा। स्कूलों के निरीक्षण का दायरा व्यापक रखा गया है। इसमें प्रधानमंत्री विद्यालय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय सभी परिषदीय विद्यालय, राजकीय इंटर कालेज, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र तक शामिल हैं। हर जिले में हर श्रेणी के एक स्कूल की फील्ड विजिट कम से कम अनिवार्य है। टीमें स्कूल भवनों की मजबूती और ध्वस्तीकरण की जरुरत, फर्नीचर की उपलब्धता, विद्यालयों में पुस्तक वितरण की स्थिति, छात्र-छात्राओं और शिक्षक उपस्थिति, प्रयोगशाला, यू-डायस डेटा स्थिति एवं विज्ञान किट के प्रयोग आदि देखेगी। उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संतोष दुबे एवं पूर्व जिला संयुक्त मंत्री सतेन्द्र सिंह ने स्कूलों के निरीक्षण किये जाने की कदम की सराहना की है। शिक्षक नेताओं ने उम्मीद जाहिर की कि निरीक्षण से जहां एक ओर विद्यार्थियों की सुरक्षा पुख्ता होगी, वहीं शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *