नातिन की उठी डोली और नानी की अर्थी

शादी की खुशियां मातम में बदलीं
फर्रुखाबाद/नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। शनिवार सुबह एक शादी की खुशियां मातम में बदल गई। एक ओर नातिन की विदाई की तैयारियां चल रही थी, वहीं दूसरी ओर नानी ने गेस्ट हाउस में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में हडक़ंप मच गया। हालांकि घटना की जानकारी दुल्हन को नहीं दी गई।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज के घमुइया रसूलपुर निवासी राजीव कुमार सक्सेना ने अपनी बेटी लक्ष्मी (22) की शादी माया गेस्ट हाउस में आयोजित की थी। शुक्रवार शाम को धूमधाम से बारात का स्वागत किया गया। उसके बाद शादी की सभी रस्में की पूरी हुईं। परिवार में बेटी की शादी को लेकर खुशी का माहौल था। सुबह करीब 5 बजे रीतिरिवाजों के साथ लक्ष्मी की विदाई की गई। लक्ष्मी की विदाई के कुछ ही मिनट बाद नानी गोमती की तबियत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। जिसके बाद परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी लक्ष्मी के ससुरालवालों को भी दी गई। हालांकि लक्ष्मी से यह बात परिजनों ने छिपाए रखी। मृतका हरदोई के चांदपुर गांव निवासी 60 वर्षीय गोमती देवी लंबे समय से बीमार चल रही थी। अपनी छोटी बेटी के साथ नातिन की शादी में शामिल होने की इच्छा से वह बीमार हालत में ही हरदोई से फर्रुखाबाद आई थीं। लक्ष्मी के नाना की 9 साल पहले ही मौत हो गई थी। एक रात पहले उन्होंने अकेले ही लक्ष्मी का कन्यादान भी किया था। लक्ष्मी के पिता राजीव सक्सेना गांव में ही काम करते हैं, जबकि लक्ष्मी का भाई मनीष दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। राजीव के दो बेटे और दो बेटियां है। जिनमें लक्ष्मी दूसरे नंबर की बेटी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *