समरसता दिवस कार्यक्रम का हुआ आयोजन

सरकार की योजनाओं में महिला सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता, सांसद साक्षी महाराज

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। निराला प्रेक्षागृह में होली पर्व से पूर्व समरसता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को बताया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद साक्षी महाराज ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं में महिला सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहा है।
सांसद साक्षी महाराज ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इसी क्रम में उज्ज्वला योजना के तहत देशभर में करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आज देश में 30 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन हैं, जबकि वर्ष 2014 से पहले यह संख्या लगभग 12 करोड़ थी। इस वृद्धि को महिला उत्थान की दिशा में एक बड़ा कदम बताया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के आंकड़ों का विशेष उल्लेख किया गया। बताया गया कि प्रदेश में एक करोड़ 86 लाख उपभोक्ताओं को इस योजना से लाभान्वित किया गया है। इन लाभार्थियों को लगभग 1500 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मातृशक्ति का सम्मान और उसकी चिंता करना समाज का दायित्व है।
रसोई में पारंपरिक चूल्हों पर गीली लकड़ियों से खाना बनाने की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री ने स्वयं इन परिस्थितियों को समझा और उज्ज्वला योजना के माध्यम से बदलाव की शुरुआत की। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और लाभार्थियों में उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा अभियान है। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *