20 मिनट तक लिफ्ट में फंस गए हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

हरियाणा के पंचकुला स्थित बीजेपी ऑफिस पंचकमल की लिफ्ट मंगलवार को फंस गई. उस समय लिफ्ट में हरियाणा के कृषि मंत्री और कई विधायक मौजूद थे. यह खबर मिलते ही पार्टी ऑफिस में हड़कंप मच गया. बड़ी मुश्किल से मंत्री और विधायकों को लिफ्ट का इमरजेंसी एग्जिट खोलकर बाहर निकाला गया. इस घटना के वक्त कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा अन्य विधायकों के साथ पंचकमल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में आयोजित पार्टी विधायक दल की बैठक में शामिल होने जा रहे थे. इस घटना के बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. जानकारी के मुताबिक मंत्री और विधायकों को लिफ्ट से निकालने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खामी को दूर कर लिफ्ट चालू कर दिया गया, हरियाणा विधानसभा चुनावों में बीजेपी के 42 उम्मीदवार चुनाव हार गए थे. इसलिए इस बैठक में इस हार की भी समीक्षा होनी थी. इसके लिए पहले चुनाव प्रबंध समिति की बैठक हुई. इसमें विधायकों के साथ चुनाव हारे हुए सभी 42 उम्मीदवारों को भी बुलाया गया था. इस बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अलावा संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *