प्रेम विवाह के चलते चल रही थी रंजिश
समृद्धि न्यूज। हाथरस में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर प्रेम विवाह की रंजिश के चलते फौजी अखिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसमें फौजी की पत्नी के रिश्तेदार शामिल हैं। बहन की शिकायत पर 10 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जम्मू से लौटे पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना सादाबाद क्षेत्र के एनएच-93 पर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के पास का है, यहां बीती शाम भारतीय सेना के जवान अखिलेश चौधरी की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेआम कार और बाइक पर सवार हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों की मानें तो जवान को घेरकर मारा गया है। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मृतक फौजी अखिलेश चौधरी आगरा के आर्मी बेस वर्कशॉप में तैनात था। वहीं परिजनों ने बताया कि सादाबाद के गांव समदपुर निवासी देवेंद्र सिंह सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके इकलौते बेटे 28 वर्षीय अखिलेश कुमार भारतीय सेना की 509 बटालियन आगरा में इंजीनियरिंग कोर में जवान थे। वह परिवार के साथ आगरा में ही रहते हैं। अखिलेश पर गांव में कई वर्ष पूर्व हुए झगड़ों को लेकर जानलेवा हमले, मारपीट और अन्य धाराओं के चार-पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसी मुकदमे की तारीख करने वह गुरुवार को हाथरस कोर्ट आए थे। दोपहर में वह आगरा लौट रहे थे। सादाबाद और हाथरस के बीच बढ़ार चौराहे से थोड़ा पहले ईको कार सवार हमलावरों ने सामने से टक्कर मारकर कार को रुकवा लिया। कार के पीछे बाइक पर दो युवक और आ गए। अखिलेश कुछ समझ पाते इससे पहले ही हमलावरों पे फायरिंग शुरू कर दी। इससे बचने के लिए वह कार से निकलकर भागे। हमलावर भी उनके पीछे दौड़ रहे थे। हत्यारोपित फौजी की पत्नी के रिश्तेदार हैं, जो प्रेम विवाह के चलते रंजिश मानते थे। वहीं जम्मू से लौटकर आए उनके पिता देवेंद्र सिंह ने हत्यारोपितों के घर पर बुल्डोजर चलाने व एनकाउंटर करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
हाथरस: दबंगों ने सेना के जवान को गोलियों से भूना, मौत
