चैत्र शुक्ल की अष्टमी पर मंदिरों में हुए हवन यज्ञ

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। चैत्र शुक्ल नवरात्रि की अष्टमी के मौके पर नगर के शक्तिपीठ देवी मंदिरों पर हवन यज्ञ हुए। लोगों ने आहूतियां देकर मां भगवती से सर्वमंगल की कामना की। सुबह से लेकर शाम तक यह क्रम चलता रहा। जिससे नगर का वातावरण देवीमय बना रहा। वहीं कई भक्तों ने कन्या भोज का भी आयोजन किया और कन्याओं को दक्षिणा भी दी।
नगर के प्रमुख देवी मंदिर फूलमती देवी पल्ला मठिया पर मंदिर संघ के प्रमुख पदाधिकारी सदानंद शुक्ला की देखरेख में हवन यज्ञ हुआ। जिसमें तमाम भक्तों ने पहुंचकर आहूतियां डालीं, वहीं मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने मौजूद रहकर आहूतियां दीं। वेद मंत्रोच्चारण के बीच सभी देवी मंदिरों पर हवन यज्ञ हुए और देवी की ८वीं शक्ति महागौरी की आराधना की गयी। मठिया देवी मंदिर पर पंडित ओंकारनाथ शास्त्री ने हवन कराया। जिसमें मुख्य यजमान सदानंद शुक्ला एवम मंदिर के पुजारी रमेश चंद्र मिश्रा, पंडित विष्णु दयाल अग्निहोत्री, बृजेश पांडे, वैभव मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा घरों पर भी भक्तों ने हवन किये और व्रत रहकर मां की आराधना की। कई रामनवमी पर नगर में कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया जायेगा। जिसके लिए तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *