राम भक्त बनकर भीड़ में होते थे शामिल और श्रद्धालुओं को बनाते थे निशाना

अयोध्या पुलिस के शिकंजे में आया अंतर्राज्यीय शातिर चेन चोर गिरोह।

करीब 21 लाख रुपए की कीमत की सोने की 11 चेन,तीन स्कार्पियो व एक इनोवा कार बरामद।

अमिताभ श्रीवास्तव।

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद अपने आराध्य की एक झलक पाने को आतुर रामनगरी आये श्रद्धालुओं को चोरी का शिकार बनाने वाले सोलह अंतर्राज्यीय चोर शुक्रवार को अयोध्या पुलिस के शिकंजे में आ गए।इनमें से दो चोर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के तथा शेष 14 बिहार प्रांत के अलग अलग जिलों के रहने वाले हैं।इन शातिर अंतर्राज्यीय चोरों के कब्जे से तीन स्कॉर्पियो व एक इनोवा कार के अलावा 11 सोने की चेन बरामद की गई है जिसकी कीमत करीब 21 लाख रुपए बताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैय्यर की ओर से इन शातिर चोरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है। शुक्रवार को थाना राम जन्मभूमि पुलिस की इस सराहनीय उपलब्धि को मीडिया के साथ साझा करने के लिए पुलिस लाइन्स सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि बीती 10 फरवरी को तमिलनाडु व कर्नाटक के श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन मार्ग पर चोरी किए गए सोने की चेन व मंगलसूत्र के संबंध में थाना राम जन्मभूमि पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था।इस घटना के अनावरण,माल की बरामदगी और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैय्यर द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।यह टीम निर्देशन और पर्यवेक्षण में निरंतर कार्य कर रही थी कि इसी दौरान बीती 22 फरवरी की रात्रि मुखबिर खास की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राम जन्मभूमि ने पूरी टीम के साथ दबिश देकर पुलिस लाइन के निकट जेल के पीछे रेलवे और ब्रिज की दाहिनी तरफ से 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जो बिहार राज्य के मोतिहारी व बेतिया जिले के निवासी हैं।इनके कब्जे से घटना में चोरी की गई 11 सोने की चेन जिनका वजन लगभग 355 ग्राम और कीमत करीब 21 लाख रुपए है,बरामद किया गया है।इसके अलावा इनके पास से तीन स्कार्पियो व एक इनोवा कार भी बरामद की गई है।श्री सोनकर ने बताया कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए ये सभी राम भक्त बनकर श्रद्धालुओं की भीड़ में शामिल हो जाते थे और बेहद सफाई से उनके गले में पड़ी चेन और मंगलसूत्र पर हांथ साफ कर देते थे।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों द्वारा जिन जिन जिलों में वारदातों को अंजाम दिया गया है,उन जिलों की पुलिस से संपर्क कर उन्हें सूचना दे दी गई है।इसके अलावा इन सभी अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है तथा बरामद किए गए वाहनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *