सीएमओ ने स्टोर इंचार्ज का क्षेत्र बदला
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। वाह-रे स्वास्थ्य विभाग इन्हें मुख्यमंत्री तक का नहीं है डर, तभी तो मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आये लाभार्थियों के लिए शव वाहन से लाये गये लंच पैकेट उन्हें थमा दिये। धीरे-धीरे कानाफूसी शुरु हो गयी। जब मामला उच्चाधिकारियों के पास पहुंचा तो उनके हाथ पैर फूल गये और आनन-फानन में चीफ फार्मासिस्ट को एक स्थान से हटाकर दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया। मामला उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की जनसभा से संबंधित है।
वह भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में क्रिश्चियन इंटर कालेज के मैदान में जन सभा को सम्बोधित करने आये थे। कुछ लाभार्थी विभिन्न योजनाओं से लाभांवित होने थे। जिन्हे कार्यक्रम में संबंधित विभागों द्वारा सभा स्थल तक पहुंचाया गया और उन तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई। हद तो तब हो गई कि जब शव ढोने वाले वाहन में लंच पैकेट रखकर सभास्थल पर मौजूद लाभार्थियों में बांट दिये गये। हेराफेरी करने वाला कितना भी चौकन्ना क्यों न हो, लेकिन कोई न कोई तो उसे देख ही लेता है। शव वाहन से लंच पैकेट उतरते जिन लोगों ने देखा उन लोगों ने धीरे-धीरे कानाफूसी शुरु कर दी और मामला तूल पकड़ गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अवनीन्द्र कुमार के हाथ पैर फूल गये और उन्होंने आनन-फानन में चीफ फार्मासिस्ट चक्र सिंह यादव को स्टोर इंचार्ज पद से तत्काल प्रभाव कायमगंज सीएचसी स्थानांतरण करने की सजा दी।
एंबुलेंस प्रभारी व नोडल अधिकार का रोका वेतन
फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री की सभा में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही सामने आयी। सभास्थल पर बनाए गए सेफ हाउस में एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची। सीएमओ ने लापरवाही करने वाले एंबुलेंस प्रभारी व नोडल अधिकारी का वेतन रोकने की बात कही। वहीं फार्मासिस्ट आशीष को सीएचसी राजेपुर स्थानांतरित करने की बात कहीं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि एंबुलेंस काफी देर से पहुंची। जिन लोगों की इसमें लापरवाही सामने आयी है उन पर कार्यवाही की जा रही है।
