बेटे को करंट लगा, सुनकर बाइक से जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत

उन्नाव ,समृद्धि न्यूज़। आसीवन थाना क्षेत्र में पिता-पुत्र की एक ही दिन मौत हो गई। 5 साल के बेटे ने करंट लगने से दम तोड़ दिया। इसकी खबर मिलते ही बाइक से घर जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक ही घर से एक साथ जब दो अर्थियां उठीं, तो मोहल्ले में हर किसी की आंख नम हो गई।
बच्चे के पिता शराब ठेके पर ड्यूटी करते थे। बेटे को करंट लगने की सूचना पर वह बाइक से निकले। माखी-रसूलाबाद रोड पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे विष्णु जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई।
आसीवन क्षेत्र के रसूलाबाद में सुबह 10 बजे 5 साल का अयांश खेलते-खेलते दीवार पर लगे एक बिजली बोर्ड के पास जा पहुंचा। उसने अनजाने में बोर्ड में उंगली डाल दी। तेज करंट से उसे जोर का झटका लगा। वह जमीन पर गिर पड़ा। करंट के झटके से बोर्ड भी टूटकर उसी पर गिर गया।

परिजन उसे मियागंज सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। विष्णु जायसवाल के दो बेटे थे। वेदांश और अयांश दोनों नेशनल पब्लिक स्कूल, रसूलाबाद में पढ़ते हैं।
बच्चे और पति की मौत के बाद मां शिवानी जायसवाल का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कभी मासूम बच्चे तो कभी पति का शव देख बार-बार बेहोश हो जा रही है। बड़ा बेटा वेदांश, कभी पिता को पुकारता है तो कभी छोटे भाई अयांश को। रिश्तेदारों और मोहल्लेवालों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।

मोहल्ले में हर कोई एक ही दिन में बाप-बेटे की मौत पर चर्चा कर रहा। घर और आसपास सिर्फ सन्नाटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *