यूपी के 30 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ, रायबरेली, पीलीभीत में स्कूल बंद

लखनऊ, समृद्धि न्यूज। प्रदेश में मौसम अचानक से बदल गया है। रविवार को लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे आम जनता को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। 1 सितंबर को प्रदेश में झमाझम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में लगभग सभी स्थानों पर और पूर्वी यूपी में अनेक स्थान पर बारिश व गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ कही-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी हुआ है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
आज के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 29 अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी और 56 जिलों में गरज चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तरी पाकिस्तान व उससे लगे पंजाब के ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के असर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इससे मानसूनी रेखा उत्तर की ओर खिसकी है।
मौसम विभाग की ओर से सोमवार लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और उसके आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, बहराइच, सीतापुर और हरदोई जिले में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी और उसके आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश होने के आसार है।

सितंबर में यूपी में सामान्य से अधिक बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने रविवार को पूर्वानुमान जारी किया कि उत्तर प्रदेश में सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश के आसार हैं। यूपी समग्र रूप से बात करें तो अगस्त में सामान्य से 2 प्रतिशत अधिक बरसात हुई। क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो पश्चिमी यूपी में अगस्त में कुल 237.6 मिमी यानी सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक और पूर्वी यूपी में 244 मिमी यानी सामान्य से 1 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। प्रदेश में क्षेत्रवार बारिश के आंकड़ों की बात करें तो अगस्त में पश्चिमी यूपी के बिजनौर में सर्वाधिक 6636.5 मिमी यानी 113 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। यह सामान्य से दोगुने से भी 13 फीसदी ज्यादा रही। वहीं पूर्वीयूपी में 417.9 मिमी यानी सामान्य से 53 फीसदी अधिक बारिश हुई।

रायबरेली, पीलीभीत में स्कूल बंद

अवध के जिलों में रविवार रात से ही बारिश हो रही है। बारिश को देखते हुए रायबरेली जिले में अवकाश की घोषणा हो गई है। वहीं पीलीभीत जिले में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश ने मानसूनी सीजन में पूर्व दिनों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। आठ घंटे की लगातार बारिश ने शहर में बाढ़ जैसे हालात बना दिए। शहर के मुख्य सभी मार्गों पर चार-चार फुट तक पानी भरा होने से बाजार बंद रहे। कई मोहल्लों में घरों तक पानी घुस आया है, इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर में बरसात थमने के बाद भी देर शाम तक शहर से पानी नहीं निकला। बारिश के कारण सोमवार को आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *