लखनऊ, समृद्धि न्यूज। प्रदेश के तीस जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इधर बरसात की वजह से स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में दक्षिणी पश्चिमी मानसून सामान्य रहा। पूर्वी यूपी में कही कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इसके अतिरिक्त पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर तेज झोंकेदार हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने 30 जिलों में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 26 अगस्त से अगले पांच दिनों के लिए मानसूनी बारिश में कमी आएगी।
रविवार को दक्षिणी जिले सोनभद्र में सर्वाधिक 130 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मिर्जापुर में 105 मिमी, भदोही में 98 मिमी और प्रयागराज में 72 मिमी बारिश हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 25 अगस्त को यूपी के पूर्वी और तराई इलाके के 30 जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश के संकेत हैं। 26 अगस्त से अगले चार -पांच दिनों के लिए मानसूनी बारिश धीमी पड़ेगी।
भारी वर्षा होने की संभावना
जिसमें गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुराए, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर,बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रायबरेली में अवकाश
कल रात से अभी सुबह तक हो रही है भारी बरसात के चलते रायबरेली के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अवकाश घोषित किया।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि: सोमवार को उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली भी गिर सकती है तथा कुछ इलाकों में तेज रफ्तार हवा चलने की भी संभावना है। मंगलवार से बारिश की तीव्रता व क्षेत्रफल में कमी होगी हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
