हिजाब प्रकरण: नीतीश कुमार की जान को खतरा? बढ़ाई गई की सुरक्षा

समृद्धि न्यूज। हिजाब विवाद में घिरे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नीतीश की सुरक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट दिया है। इसके बाद एसएसजी ने सीएम नीतीश की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। असामाजिक और आपराधिक तत्व हिजाब प्रकरण का फायदा उठाकर मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच सकते हैं। सीएम को लेकर सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की जा रही हैं। हिजाब विवाद के बाद सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिले हैं। लिहाजा बिहार पुलिस के डीजीपी समेत दूसरे आला अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर समीक्षा की और सुरक्षा घेरा कड़ा करने का फैसला लिया गया है। पुलिस को आशंका है कि हिजाब प्रकरण के बाद कुछ असामजिक और अपराधिक तत्व नीतीश कुमार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। ये फैसला उस घटना के बाद हुआ जब दो दिन पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम महिला डॉक्टर नुसरत के चेहरे से हिजाब हटाने की कोशिश की। एक ओर विपक्ष इसे लेकर उन पर हमलावर है तो केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और जेडीयू मंत्री जमा खान ने उनका बचाव किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा समूह को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अब सीएम के करीब केवल कुछ चुनिंदा और हाई-प्रोफाइल लोगों को ही जाने की अनुमति होगी। आम जनता या अज्ञात लोगों के साथ मुख्यमंत्री की निकटता को पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *