मीरजापुर: अदलहाट मीरजापुर वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित गरौड़ी चौराहा अब राहगीरों के लिए ‘ब्लैक स्पॉट’ बनता जा रहा है। बुधवार को एक बार फिर यहाँ एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें हिंडाल्को के एक अधिकारी का परिवार मौत के मुंह से बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, हिंडाल्को (रेणुकूट) में मैनेजर के पद पर कार्यरत अजीत कुमार सिंह अपने परिवार के साथ मारुति कार से वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार अदलहाट थाना क्षेत्र के गरौड़ी चौराहे पर पहुंची, एक अनियंत्रित ट्रक ने बगल से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और उन्हें केवल मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को राहत पहुंचाई गई।
खतरे के साये में मासूमों का भविष्य
गरौड़ी चौराहा केवल राहगीरों के लिए ही नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों के लिए भी फांस बना हुआ है। इस चौराहे के ठीक पास:
नवज्योति इंटर कॉलेज
मदरसा इंटर कॉलेज
प्राथमिक विद्यालय जो गरौड़ी मे स्थित हैं। तथा रोजाना सैकड़ों बच्चे इसी व्यस्त सड़क को पार कर विद्या संसार पब्लिक स्कूल कौड़िया कला, इडेन इंग्लिश स्कूल गरौड़ी अदलहाट सनबीम स्कूल नारायणपुर . तथा अन्य स्कूल जाते हैं। भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार के बीच बच्चों का सड़क पार करना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।
दो दिन पहले भी हुई थी मौत
स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। गौर करने वाली बात यह है कि मात्र दो दिन पहले ही इसी चौराहे पर एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से गति सीमा नियंत्रण या सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ग्रामीणों की मांग: “यह चौराहा अब दुर्घटना बिंदु बन चुका है। यहाँ जो स्पीड ब्रेकर बना था खराब हो चुका है तत्काल स्पीड ब्रेकर को सही किया जाये तथा तथा दुर्घटना बाहुल्य जोन घोषित किया जाए और स्कूल के समय पुलिस पिकेट तैनात करने की जरूरत है, ताकि मासूम बच्चों और राहगीरों की जान बचाई जा सके।”
अदलहाट गरौड़ी चौराहे पर फिर बरपा काल का कहर, बाल-बाल बचा हिंडाल्को मैनेजर का परिवार
