रंगों और उमंगों का पर्व है होली: ब्रिगेडियर मनीष जैन

सैन्य क्षेत्र में सैनिकों ने जोश और उमंग के साथ मनायी होली

स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर एच.एस.संधू सैनिकों के साथ थिरके
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फतेहगढ़ के सैन्य क्षेत्र में सैनिकों ने जोश और उमंग के साथ होली मनायी। करियप्पा ग्राउंड में राजपूत रेजीमेंटल सेंटर के सूबेदार मेजर कप्तान सिंह के नेतृत्व में राजपूत के अग्निवीर सैनिकों, जवानों, जेसीओज व अधिकारियों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर एच.एस.संधू ने जवानों को व उनके परिजनों को रंगोत्सव की की बधाई दी व जवानों के संग होली गीतों पर जमकर थिरके। वहीं सिखलाईट रेजीमेटल सेंटर के रमन स्टेडियम में सेंटर सूबेदार मेजर जसवीर सिंह अन्य सूबेदार मेजर जग्गा सिंह, रंजीत सिंह, जसवंत सिंह ने होली ग्राउंड पर डिप्टी कमाडांट कर्नल गौरव, एडम बटालियन कमांडर ले0 कर्नल विशाल चौधरी, ट्रेनिंग बटालियन कमाडांट ले0 कर्नल सुनील कुमार, आर.एम.ओ. सिखलाई मेजर आलोक दुबे, धर्मगुरु रणवीर सिंह, रिकार्ड आफीसर ले0 कर्नल अजय डागर का स्वागत रंगों से किया। सिखलाइट सेंटर के कमाडांट ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन का स्वागत बड़े जोश के साथ ढोल के साथ किया गया। कमाडांट जैन के पहुंचते ही सैनिक जोश में आ गये।

ब्रिगेडियर जैन ने दोनों हाथों से गुलाल भर-भरकर अपने जवानों, अधिकारियों और जेसीओ को रंग लगाया और गले लगाकर बधाई दी। अपने संबोधन में जैन ने कहा होली रंगों और उमंगों का प्यारा पर्व है। इसे जोश के साथ मनायें, लेकिन याद रखें जोश में होश न खोयें। अपना और अपने साथियों का ख्याल रखें, किसी को हानि न पहुंचायें। होली गीतों पर सेना के जवानों ने उनको कंधे पर बिठाकर डांस किया। होली का बम्पर ड्रा भी खेला गया। कमाडांट ने विजेताओं को पुरस्कार बांटे। लाल, हरे, पीले, नीले गुलाल के बादल मैदान में छाये रहे। वहीं दूसरी ओर राजपूत की आवा अध्यक्ष गुरुप्रीत और संधू ने राजपूत परिवारों, महिलाओं व बच्चों के साथ होली मनायी। वहीं सिलखाई सेंटर की महिलाओं व बच्चों के साथ अम्बिका जैन ने होली खेली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *