अदलहाट (मिर्जापुर)। जिले के अदहलहाट थाना क्षेत्र में भीषण हादसा उस समय हो गया जब कंबल वितरण के दौरान एक कार ने छह लोगों को कुचल दिया। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ कर डाली। घटना अदलहाट थाना क्षेत्र के भुइली गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार नए साल के पहले दिन अदलहाट शेरवा मार्ग पर कंबल वितरण का आयोजन किया गया था। कंबल लेने के लिए कई ग्रामीण पहुंचे थे। दोपहर करीब ढाई बजे एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को रौंद दिया। इस बीच एक व्यक्ति कार के नीचे फंस गया। कार युवक को चार किलोमीटर तक घसीट ले गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मरने वाला युवक चकिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह किसी काम से अदलहाट आया था। वापस जाते समय कार ने उसे रौंद दिया। हादसे में पांच अन्य लोग भी बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे के बाद आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस चौकी में की तोड़फोड़
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने कार चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों का गुस्सा इतने से भी शांत नहीं हुआ तो वह शेरवां पुलिस चौकी में घुस गए और उन्होंने वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। उधर मरने वाले व्यक्ति के घर में सूचना दे दी गई। मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
भीषण हादसा: कंबल वितरण के दौरान कार ने छह लोगों को कुचला, एक की मौत, चौकी में तोड़फोड
