हरदोई, समृद्धि न्यूज। जनपद के बिलग्राम–कटरा बिल्हौर मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चांदपुर गांव के पास प्राइवेट बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बस में सवार करीब 10 यात्री घायल हो गए।जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,प्राइवेट बस बिलग्राम की ओर से कटरा बिल्हौर की तरफ जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। चांदपुर गांव के समीप अचानक दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया,वहीं ट्रक भी सड़क किनारे पलटते-पलटते बचा। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके साथ ही पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बिलग्राम भिजवाया।
डॉक्टरों के अनुसार हादसे में घायल आजाद और राजेंद्र प्रसाद की हालत गंभीर पाई गई।जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को सीएचसी में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि अधिकांश घायलों को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं।हालांकि किसी के भी जान को तत्काल खतरा नहीं बताया गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। बस और ट्रक चालकों से भी पूछताछ की जा रही है।
बिलग्राम–कटरा बिल्हौर मार्ग पर चांदपुर के पास भीषण सड़क हादसा,10 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर
