विवाहिता की मौत के मामले में पति व सासु गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सैफई, समृद्धि न्यूज। ग्राम केशवपुर बैनी मे विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सैफई पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित पति और सासु को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
केशवपुर बैनी गांव में मंगलवार देर रात 20 वर्षीय अंजलि पत्नी उपेंद्र की मौत संदिग्ध हालात में हुई थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और बुधवार को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विवाहिता की शादी बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर तोताराम निवासी शिवराज सिंह ने 26 दिसंबर 2023 को उपेंद्र निवासी केशवपुर बैनी के साथ की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद ससुराल पक्ष के लोग ऑल्टो कार और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे और दहेज उत्पीड़न लगातार बढ़ता जा रहा था। घटना के मृतका के पिता शिवराज सिंह ने पति उपेंद्र, ससुर वीरपाल, सासु मिथलेश, ननद दिव्या, देवर विवेक, ताऊ महेश और उसके पुत्र गोलू सहित कुल सात लोगों के खिलाफ सैफई थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच सीओ केपी सिंह द्वारा की जा रही थी। गुरुवार को को द्वारा गठित टीम मे उप निरीक्षक संजय दुबे ने रकुइया नहर पुल से पति उपेंद्र और सासु मिथलेश को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। सीओ केपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद शेष आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *