उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अचलगंज थाना क्षेत्र के गौरी त्रिभानपुर गांव में पति ने अवैध संबंध के शक में फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी । पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार होरीलाल पुत्र शंकर प्रसाद पांच बच्चों का पिता होने के बावजूद पिछले एक वर्ष से अपनी पत्नी पर अवैध संबंध को लेकर शक कर रहा था। पत्नी के बार-बार समझाने के बावजूद वह मानने को तैयार नहीं था। बीती शाम उसने खेत पर काम कर रही शांति से बात की जिससे दोनों में विवाद होने लगा इसी बीच होरी लाल ने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ कराया गया। रिपोर्ट में सिर पर छह गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतका शांति के भाई ने परिजनों के साथ शुक्लागंज घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान मृतका की सास रामावती, ननद सुमन व पांचों बच्चे पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद रहे।
उधर, मृतका की बेटी दिव्या ने पुलिस में तहरीर देकर अपने पिता होरीलाल पर मां की हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी होरीलाल को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
