लखनऊ, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष भाजपा नेता अपर्णा यादव के भाई चंद्रशेखर सिंह बिष्ट उर्फ अमन बिष्ट के खिलाफ लखनऊ में एफआईआर दर्ज की गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव के भाई और साथी पर 14 करोड़ रुपये ठगी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। उत्तर प्रदेश की राजनीति से सनसनीखेज मामला सामने आया है। हाल ही में अपर्णा की मां अंबी बिष्ट का नाम भूखंड घोटाले में सामने आया है। अपर्णा, अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक की पत्नी हैं। लखनऊ की एक रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक ने उन पर जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। मरर्चन्टास इन्फाहाईट्स प्रा0 लि, के निदेशक पीडि़त ठाकुर सिंह मनराल ने बताया कि साल 2019 में उनकी मुलाकात चन्द्रशेखर बिष्ट से उनके पिता के सरकारी आवास, गुलिस्ता कॉलोनी में हुई थी। जहां 22.10 बीघा जमीन को बेचने का सौदा हुआ था और जिसको 1100 रुपए प्रति वर्गफुट के हिसाब से तय किया गया था। यह डील करीब 14 करोड़ रुपए में हुई थी। इस रकम को नगद और चेक के माध्यम से दिया गया था, लेकिन बदले में सिर्फ 13450 वर्गफुट जमीन की रजिस्ट्री कराई गई, जो तय राशि और क्षेत्रफल का आधा भी नहीं था। मनराल के अनुसार चन्द्रशेखर बिष्ट और उनके सहयोगी हिमांशु राय ने उन्हें जमीन के नाम पर लगभग 14 करोड़ रुपए की ठगी का शिकार बनाया। आरोप है कि जब उन्होंने बाकी की रजिस्ट्री और पैसा वापस मांगा तो चन्द्रशेखर व हिमांशु ने उन्हें धमकी दी। कहा, पैसा भूल जाओ, दोबारा मांगा तो जान से हाथ धो बैठोगे। पूरे लेन-देन की जानकारी अपर्णा यादव, उनकी मां अम्बी बिष्ट और पिता अरबिंद सिंह बिष्ट को भी थी।
अर्पणा यादव के भाई सहित दो पर मुकदमा दर्ज, 14 करोड़ रुपये ठगी का मामला
