लखनऊ: लखनऊ में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक सिरफिरे ने रिटायर्ड जज की बेटी को जिंदा जलाने की धमकी दी है. इसी के साथ आरोपी ने कहा कि उसकी मां की भी गर्दन काट दी जाएगी. आरोपी की इस धमकी के बाद अपनी मां के साथ चिनहट कोतवाली पहुंची पीड़ित लड़की ने पुलिस में केस दर्ज कराया है. पीड़िता की मां ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी की धमकी की वजह से ही उसके पति की भी मौत हुई थी. चिनहट कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जजेज कॉलोनी चिनहट लखनऊ में रहने वाली पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उनकी बेटी एलएलबी की पढ़ाई कर रही है. उसके पति बिहार में जज रहे थे और रिटायरमेंट के बाद लखनऊ में रहने लगे थे. इस बीच ईस्ट चंपारण बिहार के रहने वाले दीपक कुमार नामक एक सिरफिरा उनकी बेटी को परेशान करने लगा. आरोपी उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था. मना करने पर वह धमकी देता था. इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी. इसी धमकी की वजह से उनके पति की तबियत खराब हो गई थी और छह महीने पहले उनकी मौत हो गई. इसके बावजूद आरोपी की हरकतों में कमी नहीं आई. पीड़ित मां के मुताबिक आरोपी ने अपनी पहचान 2023 बैच का आईएएस के रूप में बताता था. वह आए दिन इसी तरह का वीडियो भेजकर उनकी बेटी को दबाव में लेने की कोशिश करता था. इस दौरान उन्होंने आरोपी के बारे में जानने की कोशिश की तो पता चला कि वह दिल्ली में किसी कंपनी में करता है.
विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के दीपक कुमार के रूप में की गई है। उसके खिलाफ चिनहट में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवती कानून की पढ़ाई करने वाली एलएलबी की छात्रा है। पीड़िता की मां ने मामले की शिकायत पुलिस ने की है। वहीं मां के द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर 30 नवंबर को मामला दर्ज किया गया। पुलिस आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
लड़कियों के फोन हैक कर बनाता था दबाव
शिकायतकर्ता पीड़ित छात्रा की मां ने कहा कि आरोपी खुद को आईएएस अधिकारी बताकर वीडियो भेजता था। उन्होंने जब दीपक कुमार के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि वह दिल्ली में कंप्यूटर से संबंधित निजी क्षेत्र में काम करता है। आरोपी लड़कियों के मोबाइल फोन हैक कर उन पर शादी के लिए दबाव बनाता था। उसने पहले भी 2-3 लड़कियों को धोखा दिया है और उसके खिलाफ मामला चल रहा है। पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
