फेडरेशन आफ आल इंडिया आरपार की लड़ाई लडऩे के मूड़ में
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मण्डल की बैठक जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा के नेतृत्व में रेलवे रोड सुंदरीकरण को लेकर सम्पन्न हुई। जिसमें अनिश्चित कालीन धरना देने की रणनीति बनायी गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान के अन्तर्गत सडक़ों को मानक के अनुसार चौड़ा करने हेतु फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से चौक तक व्यापारियों के प्रतिष्ठानों को तोडा गया था तथा व्यापारियों को यह आश्वासन दिया गया था कि उक्त मार्ग को मॉडल के रूप में विकसित किया जायेगा, किन्तु लगभग तीन वर्ष व्यतीत हो जाने के बावजूद अभी तक रेलवे रोड को मॉडल के रूप में निर्माण नहीं किया गया। जिससे रेलवे रोड के व्यापारियों के आक्रोश एवं उनकी मनोदशा को देखते हुये फेडरेशन ऑफ आल इण्डिया व्यापार मण्डल ने रेलवे रोड के विद्युत पोलों एवं बंच लाइन शिफिटंग कार्य एवं नगर पालिका परिषद द्वारा रोड निर्माण शीघ्र कराये जाने हेतु 26 जुलाई को विवश होकर चौक में धरना दिया था। धरने के दौरान विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह ने पोलों एवं बंच लाइन शिफिटंग कार्य 60 दिन में पूर्ण किये जाने एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ने विद्युत पोल/बंच लाइन शिफिटंग कार्य पूर्ण होने के एक सप्ताह के पश्चात सडक़ निर्माण कार्य प्रारम्भ किये जाने हेतु लिखित रूप में आश्वासन दिया था। परन्तु विद्युत विभाग द्वारा 60 दिन का समय मांगा था। परन्तु 60 दिन के स्थान पर आज 120 दिन पूर्ण होने के बावजूद भी उक्त विद्युत पोल/बंच लाइन शिफिटंग कार्य पूर्ण नहीं हुआ। व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक मित्तूकूचां में सम्पन्न हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि विद्युत विभाग द्वारा विद्युत पोल/बंच लाइन शिफ्टिंग कार्य 30 नवम्बर की सायं तक पूर्ण नहीं करता है तो 01 दिसम्बर, को चौक में विद्युत विभाग के विरूद्ध धरना दिया जायेगा और धरना अनिश्चित कालीन के लिए चलेगा। जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर अनूप गुप्ता, विमलेश मिश्रा, लाखन सिंह, राजू भारद्वाज, मनोज दीक्षित, योगेश गुप्ता, दीपक गवरानी, रवि चौहान, संजीव वर्मा, संजय गुप्ता, अशोक यादव, शरद गुप्ता, अभिषेक वाजपेई, पवन गुप्ता, संजय गुप्ता, संजू नेता, प्रशान्त शाक्य, शिखर गुप्ता, राजू अग्रवाल, गोपाल सारस्वत, विशाल रस्तोगी व आशुतोष रस्तोगी आदि उपस्थित रहे।
30 नवम्बर तक रेलवे रोड का सुंदरीकरण शुरु न हुआ तो व्यापारी देगें धरना
