किसान नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पगड़ी पहनाकर किया स्वागत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा0 भानु प्रताप सिंह का जनपद आगमन पर भाकियू नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। बढ़पुर स्थित एक होटल के सभागार में भानु प्रताप सिंह को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्रकारों से रुबरु होते हुए कहा कि फर्रुखाबाद भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी से मुलाकात की, साथ ही किसानों की समस्याओं को सुना। किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन हमेशा संघर्षरत है। उन्होंने शिक्षा, सडक़, स्वास्थ्य व किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के साथ डाक्टर घोर लापरवाही कर रहे है। अगर समस्याओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन के लोग सडक़ों पर उतरेंगे और आंदोलन करेंगे।जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। समय रहते समस्याओं को दुरुस्त किया जाये। चिकित्सा के नाम पर डाक्टर अलग-अलग मानमाने ढंग से फीस लेकर आईसीयू व पैथोलॉजी के नाम से अवैध रुप से वसूली कर रहे है। लोग ब्याज लेकर पैसों से इलाज कराते है। २० से ३० प्रतिशत महंगी दवाई मरीज व तीमारदारों को दी जातीहै। साथ ही लोहिया अस्पताल की दयनीय हालत है। डाक्टर नियमित आते नहीं है। ज्यादातर डाक्टर छुट्टी पर बने रहते है। प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों के साथ इलाज के नाम पर ठीकठाक वसूली की जाती है। लोहिया अस्पताल महिला सीएमएस व अन्य कर्मचारी आपरेशन व डिलवरी नहीं करते है और नार्मल डिलवरी पर भी अलग से शुल्क वसूलते है। फल, दूध, ब्रेड आदि का वितरण सही से नहीं हो रहा है। शौचालय की व्यवस्था ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर सरकारी स्कूलों में शिक्षक पढ़ाते नहीं है। समय काटते है। भाकियू मांग करती है इन सभी खामियों को दूर किया जाये और प्राइवेट स्कूलों द्वारा मनचाही फीस वसूली जा रही है, उनकी जांच कर फीस कम करायी जाये। शहर की सडक़ें क्षतिग्रस्त है। उनकों गड्ढा मुक्त किया जाये। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सोमवंशी, अवधेश सोमवंशी, राजेश दीक्षित बबलू, अमन सोमवंशी, मुन्नालाल सक्सेना, राजवीर सिंह, गिरीश शाक्य, अंशु सोमवंशी, बरजोर सिंह, अमरेश कुमार शुक्ला, शिशुपाल सिंह राजपूत, छविनाथ सिंह छन्नू, धीरेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य, शिक्षा व सडक़ की खामियों को दुरुस्त न किया गया तो होगा आंदोलन: ठा0 भानु प्रताप सिंह
