जनसेवा में संवेदनशीलता पर दिया जोर, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
हरदोई। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ किरण एस. का गुरुवार को जनपद हरदोई आगमन हुआ। पुलिस लाइन पहुंचने पर सलामी गार्द द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई। इसके उपरांत आईजी ने पुलिस लाइन हरदोई का व्यापक निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं परिचालन व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी किरण एस. ने कार्यालयों, बैरकों, परिवहन शाखा सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, साफ-सफाई, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन बनाए रखने और आमजन के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।
इसके पश्चात आईजी ने पुलिस लाइन स्थित थाना साइबर क्राइम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, उपलब्ध संसाधनों, तकनीकी सुविधाओं तथा साइबर अपराधों से संबंधित पंजीकृत अभियोगों की प्रगति की समीक्षा की गई। आईजी ने साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी निरीक्षक एवं साइबर थाना स्टाफ को तकनीकी दक्षता बढ़ाने और पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद आईजी ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं जनपद के सभी थानों के पैरोकारों के साथ गोष्ठी की। गोष्ठी में न्यायालयीन प्रकरणों की प्रभावी पैरवी, समयबद्ध अनुपालन, साक्ष्यों की सुदृढ़ प्रस्तुति और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आईजी किरण एस. ने शहर कोतवाली का भी निरीक्षण किया, जहां कोई कमियां नहीं पाई गईं। उन्होंने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए शहर कोतवाल संजय त्यागी के कार्यों की सराहना की। सलामी गार्द के लिए उपनिरीक्षक विनोद गोस्वामी की प्रशंसा की गई। इसके अलावा यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों के डेटा संधारण की जानकारी दी गई। अंत में आईजी ने कोतवाली देहात का भी निरीक्षण किया।
