मेला रामनगरिया: वाहन स्टैण्ड पर हो रही अवैध वसूली

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेला रामनगरिया में वाहन स्टैण्ड संचालक अपनी मनमानी पर उतारु हैं। वह श्रद्धालुओं से जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं। इस संबंध में कई वाहन चालकों ने मेला व्यवस्थापक संजय मिश्रा से इसकी शिकायत भी की, लेकिन वाहन स्टैण्ड संचालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मेला व्यवस्थापक भी उक्त अव्यवस्था में संलिप्त है। जानकारी के अनुसार बीती ०३ जनवरी को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मेला श्री रामनगरिया का उद्घाटन किया था। उन्होंने अधिकारियों को मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिये थे, लेकिन जिलाधिकारी के आदेश को नजरंदज कर मातहत अपनी मनमानी पर उतारु हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से वाहन स्टैण्ड संचालक जमकर धन उगाही कर रहे हैं। जब कोई विरोध करता है, तो उक्त वाहन स्टैण्ड संचालक अपनी दबंगई दिखाते हुए उसके साथ मारपीट करने पर आमादा फसाद हो जाते हैं,स जबकि वाहन स्टैण्ड पर रेट लिस्ट भी नहीं लगायी गयी है। जिससे श्रद्धालु खासे परेशान हैं। दोपहिया, चार पहिया सहित अन्य वाहनों से अलग-अलग दरों पर शुल्क लिया जा रहा है, जबकि कहीं भी अधिकृत शुल्क सूची प्रदर्शित नहीं की गई है। इससे श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त है। श्रद्धालुओं का कहना है कि जब रेट लिस्ट पूछी जाती है तो कर्मचारी टालमटोल करते हैं या अभद्रता पर उतर आते हैं। यह न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि मेले की छवि को भी धूमिल कर रहा है। अवैध वसूली की यह प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के खिलाफ है। प्रशासनिक नियमों के अनुसार मेला क्षेत्र में ठेकेदार को स्पष्ट और पढऩे योग्य रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *