शौचालय के नाम पर सफाई ठेकेदार मांग रहा 900 रुपये की घूस
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। योगीराज में भ्रष्टाचार कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सरकारी दफ्तरों में जड़ें पसारे भ्रष्टाचार अब धार्मिक आयोजन में भी पहुंच चुका है। मेला रामनगरिया में शौचालय की सुविधा देने के नाम पर सफाई ठेकेदार द्वारा कल्पवासियों से ९०० रुपये की घूस मांगी जा रही है। जिससे कल्पवासियों में रोष है। कल्पवासियों ने सूबे के मुख्यमंत्री से मेले में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाये जाने की मांग की है।
पांचाल घाट गंगा तट पर रामनगरिया मेला (मिनी कुंभ) गुलजार है। जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी ने बीती ०३ जनवरी को किया था। जिसमें दूरदराज से कल्पवासी आकर अपनी झोपड़ी बनाकर एक माह तक भगवान का पूजा भजन करते हैं। मेले में बिजली, पानी, शौचालय, अलाव, दवाई आदि की व्यवस्था करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन भ्रष्टाचार में डूबे ठेकेदार इस धार्मिक आयोजन में भी भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कल्पवासियों से शौचालय की सुविधा देने के नाम पर वह ९०० रुपये की मांग कर रहे हैं। कल्पवासियों का कहना है कि जो ९०० रुपये नहीं दे पा रहा है, उसे शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसमें मेला व्यवस्थापक संजय मिश्रा का भी हाथ बताया जा रहा है। उनकी सहमति पर भी धार्मिक आयोजन मेला रामनगरिया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। जिससे कल्पवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कल्पवासियों ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से इस ओर हस्ताक्षेप करने की मांग की है।
योगी शासन में मिनी कुंभ में कल्पवासियों से हो रही अवैध वसूली
