फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया के द्वारा मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में सिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में औषधि निरीक्षक समेत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, डूडा, नगर पालिका परिषद समेत कई विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। शहरी क्षेत्र की मलिन बस्तियों में रहने वालों को सरकार की ओर से दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में चर्चा हुई। बैठक में शामिल अन्य विभागों से इसमें सहयोग की अपील की गई।
सीएमओ डॉ0 अवनींद्र कुमार ने कहा कि शहरी क्षेत्र विशेषकर मलिन बस्तियों में रहने वाली आबादी को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए आपसी सामंजस्य से काम करने का यह एक मंच है। हम सभी को इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 दलवीर सिंह ने शहरी मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत योजना, परिवार नियोजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नियमित टीकाकरण के सुचारू रूप से क्रियान्वयन, आभा आईडी और स्वच्छता विषय पर समूह के साथ चर्चा की। परिवार नियोजन के कार्यक्रम को भी सफल बनाना है। इसके लिए सभी लोगों को एकजुट होकर इस पर काम करना होगा। संचालन नौशाद अली ने किया। बैठक में एसीएमओ डॉ0 सर्वेश, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आर0सी0 माथुर, डॉ0 दीपक कटारिया, सीएमएस डॉ0 कैलाश, जिला परिवार नियोजन सलाहकार विनोद कुमार, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक राजीव पाठक आदि उपस्थित रहे।
सिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर हुई चर्चा
