अलीगढ़ में महिला कॉन्स्टेबल ने फांसी लगाकर दी जान, मरने से पहले वॉट्सऐप पर लगाया था सुसाइड का स्टेटस

अलीगढ़: अलीगढ़ में एक महिला कॉन्स्टेबल ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उन्होंने वॉट्सऐप पर सुसाइड का स्टेटस लगाया था। महिला कांस्टेबल आगरा की रहने वाली थीं। जल्द ही उनकी शादी तय होने वाली थी। अलीगढ़ महानगर के रोरावर थाने में तैनात महिला सिपाही हेमलता ने 29 नवंबर दोपहर बन्ना देवी थाना क्षेत्र की जवाहर नगर कालोनी में किराये के घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इससे पहले सिपाही ने अपने व्हाट्सएप पर स्टेटस भी लगाया, जिसे देखकर महकमे में खबर फैली। तब पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस हेमलता के घर पहुंची तो उन्होंने खिडक़ी से हेमलता को फंदे से लटके देखा। फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोडक़र अंदर घुसे, जहां हेमलता का शव छत के पंखे से लटका मिला, शव को जिला अस्पताल ले जाया गया।
वहीं मृतका हेमलता आगरा कागारौल के गांव बैमन के निवासी कर्मवीर सिंह की बेटी थी। पिता किसान है, चार बच्चों में सबसे छोटी थी। यूपी पुलिस के 2015 बैच की सिपाही थी। ट्रेनिंग पूरी कर वर्ष 2016 से वह अलीगढ़ में कार्यरत थी। वर्तमान में उसकी तैनाती रोरावर थाने में आईजीआरएस पटल पर थी। वह जीटी रोड पर बन्नादेवी क्षेत्र की जवाहर नगर कालोनी में एक सेवानिवृत्त दरोगा नरेंद्र सिंह के मकान में एक अन्य महिला निरीक्षक संग ऊपरी मंजिल पर किराये पर रहती थी, जबकि मकान स्वामी बाहर रहते थे। इन दिनों साथी महिला निरीक्षक भी यहां नहीं थीं। मौत से ठीक पहले हेमलता ने व्हाट्सएप पर स्टेटस अपलोड किया था कि मुझे माफ कर देना, यह स्टेटस उनकी एक साथी महिला कांस्टेबल ने देखा, जो तुरन्त अन्य सहकर्मियों के साथ मकान पर पहुंचीं, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूत्रों की मानें तो हेमलता की शादी तय होने वाली थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है, वह एक सीधी सादी और मेहनती कांस्टेबल के रूप में जानी जाती थीं। डीएसपी कमलेश सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संग्रहित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *