सडक़ों पर जलभराव, कई घंटे आवागमन हुआ बाधित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पहली बारिश में ही नगर पालिका पोल खुल गयी। शहर में जगह-जगह सडक़ों पर पानी दिखायी दिया। अधिकांश नालियां साफ न होने के कारण सडक़ों पर पानी भरा रहा। शहर के मुख्य मार्ग लालसराय, नितगंजा के पास पानी भर गया, जिससे काफी देर तक आवागमन बंद रहा। लोग पानी में घुसकर निकलने को मजबूर हुए। कई बाइक पानी में बंद हो गयी। आईटीआई मदारवाड़ी रोड पर पानी भरा दिखायी दिया। जिस कारण कई घंटों तक पानी सडक़ों पर भरा रहा।
तलैया फजल इमाम का नाला जलभराव से उफनाने लगा। पूरी तरह नाले में भरा मलबा सडक़ पर बहने लगा। तलैया फजल इमाम, खटकपुरा, गंगानगर, अंगूरी बाग, पटेल पार्क, गुदड़ी आदि मोहल्लों की सडक़ें जलमग्न दिखायी दी। नाली व नालों की सफाई पूर्ण रुप से न होने के कारण सडक़ों पर पानी काफी देर तक भरा रहा। लोग बारिश के कारण दोपहर बाद बाजार पहुंच पाये। दूषित पानी होने के कारण दुर्गंध भी आने लगी। नालियों का पानी सडक़ों पर आने से लोगों में नाराजगी दिखी। नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल पहली ही बारिश में खुल गयी। कई नालियां चोक दिखाई पड़ी। मुख्य मार्ग पर जल भराव रहा। जहां एक ओर बारिश से मौसम ठंडा रहा। वहीं दूसरी ओर बारिश के चलते जलभराव की स्थिति बनी रही। अधिकांश घरों में पानी भर गया। निचले इलाकों में पानी कई घंटो भरा रहा।
पहली ही बारिश में नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की खुली पोल
