आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 25 में भारत ने रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। भारत ने सेमीफाइनल में लगभग अपनी जगह बना ली है अगर न्यूजीलैंड 24 फरवरी को होने वाले मुकाबले में बांग्लादेश को हरा देता है। वहीं पाकिस्तान लगातार दूसरा मैच हारकर टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो गया है। भारत की जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने नाबाद शतक जड़ा। इसी के साथ भारत ने पाकिस्तान से 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल की हार का बदला पूरा कर लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 241 रन बनाए थे। 242 रनों के लक्ष्य के साथ भारत ने 45 गेंद शेष रहते इस लक्ष्य को प्राप्त कर लिया।
विराट कोहली का 82वां शतक
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में 51वां शतक लगा दिया है. वनडे मैचों में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के मामले में विराट पहले ही सबसे आगे निकल चुके हैं. वहीं ये उनकी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 82वीं सेंचुरी है. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में विराट ने 111 गेंद में 100 रन की नाबाद पारी खेली. विराट कितने सब्र के साथ खेले, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी पारी में केवल 7 चौके लगाए. इसी मैच में विराट ने अपने वनडे करियर में 14,000 रन भी पूरे कर लिए हैं.
चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान आए बराबर
चैंपियंस ट्रॉफी में यह भारत और पाकिस्तान की कुल छठी भिड़ंत थी. इससे पहले दोनों टीम कुल पांच बार आमने-सामने आई थीं, जिनमें से 3 बार पाकिस्तान और केवल 2 बार टीम इंडिया विजयी रही थी. अब चैंपियंस ट्रॉफी की राइवलरी में भारत और पाकिस्तान 3-3 से बराबरी पर आ गए हैं.
