विमान हादसा: बांग्लादेश की मदद करेगा भारत

समृद्धि न्यूज। बांग्लादेशी वायुसेना का एक एफ-7 प्रशिक्षण विमान सोमवार को ढाका के उत्तरा क्षेत्र के दियाबारी इलाके में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में गिर गया था। इसके बाद विमान में आग लग गई थी। अब तक घटना में मरने वालों की संख्या 31 हो गई है और उनमें से 25 बच्चे हैं। हादसे में घायलों के इलाज के लिए भारत ने मंगलवार रात बर्न स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम ढाका भेजने की घोषणा की। भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा जरूरी चिकित्सा सहायता के साथ बर्न-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम पीडि़तों के इलाज के लिए जल्द ही बांग्लादेश के ढाका जाएगी। बर्न-स्पेशलिस्ट डॉक्टर आग से झुलसे लोगों का इलाज करने में विशेषज्ञ होते हैं। टीम मरीजों की स्थिति का आकलन करेगी और जरूरत के हिसाब से भारत में आगे के इलाज और विशेष देखभाल की सिफारिश करेगी। ढाका जाने वाली टीम में दिल्ली के दो डॉक्टर शामिल हैं। इनमें से एक राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल का और दूसरे सफदरजंग हॉस्पिटल के हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर अतिरिक्त मेडिकल टीमें भी ढाका भेजी जा सकती हैं। यह मानवीय सहयोग भारत-बांग्लादेश के मजबूत द्विपक्षीय रिश्तों का प्रतीक है और भारत की नेबरहुड फस्र्ट नीति की भावना को भी दर्शाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *