फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शुक्रवार को आवास विकास स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कार्य समिति की कार्यशाला सम्पन्न हुई। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा योजना को लेकर रूपरेखा तय की गई। कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, बूथ कमेटी सत्यापन एवं नव मतदाता सम्मेलन अभियानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

जिला संगठन प्रभारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे ने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार ने विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना की शुरुआत की है। जिसके अंतर्गत 18 परंपरागत कामगारों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा इस योजना का लाभ राजमिस्त्री, नाई, मालाकार, धोबी, बढ़ई, कुम्हार, लोहार, सुनार, अस्त्रकार, मूर्तिकार, पत्थर तरासने व पत्थर तोडऩे वाले, मोची, दर्जी, ताला बनाने वाले, नाव निर्माता, टोकरी चटाई, झाड़ू बनाने वाले गुडिय़ा और खिलौना निर्माता हथोड़ा और टूल किट निर्माता, मछली जाल बनाने वाले मजदूर लाभ ले सकते हैं। संगठन के द्वारा इस योजना की मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए तीन सदस्य कमेटी गठित की गई है। जिसमें जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला महामंत्री डीएस राठौर एवं शैलेंद्र सिंह राठौर रहेंगे। भाजपा इस योजना के जरिए शिल्पकारों एवं कारीगरों के बड़े वर्ग से जुडऩे जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी वर्गों के विकास व उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए बूथ समितियों के सत्यापन का भी कार्य 10 जनवरी तक पूर्ण करना है। 24 जनवरी से विधानसभा स्तर पर नव मतदाता सम्मेलन आयोजित होंगे। क्षेत्रीय मंत्री एवं विश्वकर्मा योजना जिला प्रभारी देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना से प्रत्येक वर्ग का उत्थान संभव है, सदस्यों को एक टीम बनाकर योजना के उचित क्रियान्वन का कार्य सौंपा जाएगा। जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता से देश हर मोर्चे पर आगे बढ़ रहा है। पीएम विश्वकर्मा योजना से प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित कराने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जुटना होगा। देश के प्रशिक्षण प्राप्त कारीगरों व शिल्पकारों को रोजगार का लाभ दिलाने तथा उनके स्वावलंबन के उद्देश्य से पीएम विश्वकर्म योजना का शुभारंभ किया गया है। संचालन फतेहचंद वर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ0 भूदेव सिंह राजपूत, दिनेश कटियार, डॉ0 बीके गंगवार, वीरेंद्र सिंह राठौर, अभिषेक त्रिवेदी, शैलेंद्र सिंह राठौड़, अतुल दीक्षित, अमरदीप दीक्षित, गोपाल राठौर, धर्मेंद्र राजपूत, हेमचंद्र लोधी, जय गंगवार, सर्वेश कुशवाहा, नंदराम कुशवाहा, मनोज गंगवार, आदित्य मिश्रा, अवनीश चतुर्वेदी, प्रदीप सिंह, नवनीत पाल, मयंक सिंह बुंदेला, विकास पांडे आदि लोग मौजूद रहे।
