अमेठी जदीद में हुआ कार्यक्रम, महिलाओं की गोद भराई, अन्नप्राशन, किसान हुए सम्मानित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। ग्राम्य विकास पंचायती राज विभाग द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन ब्लाक बढ़पुर की ग्राम पंचायत अमेठी जदीद में आयोजित किया गया।

बुधवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां व जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रुप में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव मौजूद रही। अमेठी जदीद की ग्राम प्रधान श्याम लता उर्फ हेमा ने बुके देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत कृषि विभाग द्वारा पांच चिन्हित किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। साथ ही अन्नप्राशन कार्यक्रम के तहत बच्चों को खीर खिलाई गई। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के महामंत्री अजीत पाण्डेय, उपाध्यक्ष नीरज ने भी अपने विचार व्यक्त कर सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य रुप से बढ़पुर ब्लाक के बीडीओ बलराम सिंह, ग्राम पंचायत सचिव निवेन्द्र शर्मा, एडीओ सत्यनारायन सिंह आदि विभागीय लोग मौजूद रहे। ग्राम प्रधान श्याम लता उर्फ हेमा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। भव्य कार्यक्रम देखकर अतिथियों ने ग्राम प्रधान के कार्यों की सराहना की।
