मेंढक बचाओ दिवस कार्यक्रम में बच्चों को वन्य जीवों की दी गई जानकारियां

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सामाजिक वानिकी वन विभाग एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वाधान में पारिस्थितिकी तंत्र को नियंत्रण रखने के लिए मेंढक बचाओ दिवस कार्यक्रम का आयोजन विद्यावती माध्यमिक विद्यालय मसेनी चौराहा पर किया गया। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे निहारिका पटेल के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्रों ने बढ़-चढक़र प्रतिभाग किया। पर्यावरण का अमूल्य साथी मेंढक को बचाने के लिए अभियान चलाया गया। जिला परियोजनाधिकारी ने मेंढक की विभिन्न प्रजातियों के बारे में अवगत कराया साथ ही मेंढक का पर्यावरण में क्या महत्व है इस पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे पर्यावरण में निवास करने वाले जीव जंतु पर्यावरण को साफ रखने में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। पर्यावरण में निवास करने वाले जीव जंतु, मनुष्य के द्वारा जाने अजाने में फैलाई गई गंदगी को साफ करने का कार्य करते हैं। मेंढक भी एक ऐसा ही जीव है जो देखने में छोटा है परंतु उसका कार्य बहुत बड़ा है। जैव विविधता को नियंत्रित करने में इसका अहम योगदान होता है। वैश्विक पारिस्थितिकी तंत्र को नियंत्रण रखने में मेंढक का अहम कार्य होता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवम तिवारी ने उपस्थित छात्र-छात्रों को बताया कि हम सभी मिलकर अपने पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए एवं उनमें रहने वाली जीव जंतुओं को बचाने के लिए कार्य करें। कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र व स्मृति देकर सम्मानित किया गया एवं सभी को अपने जीव जंतुओं को संरक्षित करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक वासुदेव तिवारी, पूनम तिवारी एवं अन्य शिक्षकगण तथा गंगा सेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *