अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। कस्बा अमृतपुर में शनिवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ भी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने जन चौपाल को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुडऩे की अपील की तथा युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुडक़र स्वरोजग़ार अपनाने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने महिलाओं के लिए उज्ज्वला गैस योजना, लखपति दीदी, करोड़पति दीदी सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही किसानों से फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र कराने का आग्रह किया। जिलाधिकारी ने लोगों से कहा कि वे समय रहते मतदाता सूची का अवलोकन कर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया पूर्ण कर लें। उन्होंने जन चौपाल में महिलाओं की अधिक भागीदारी देख प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान अमृतपुर सचिन देव तिवारी ने जिलाधिकारी के समक्ष मांग रखी कि अमृतपुर संविलियन विद्यालय प्रांगण में महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाए। अमृतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किया जाए तथा अमृतपुर कस्बे के मुख्य मार्ग का निर्माण कराया जाए, जिससे आमजन को सुविधा मिल सके। जन चौपाल में जिला परियोजना अधिकारी, उप जिलाधिकारी संजय सिंह, विकास खंड अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अमृतपुर में जन चौपाल का आयोजन, योजनाओं की दी जानकारी
