विभिन्न मण्डल में कार्यक्रम हुए आयोजित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रविवार को जनपद के विभिन्न मंडलों में सेवा सुशासन और गरीब कल्याण कार्यक्रम के तहत मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें केंद्र की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।
अमृतपुर मंडल में ग्राम पिथनापुर में विश्व प्रताप सिंह उर्फ चीनू के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा एवं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कार्यक्रम को संबोधित किया। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 वर्ष सेवा सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित है, इन 11 वर्षों में भारत हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। एक नए भारत की कल्पना जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई, सरदार वल्लभभाई पटेल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देखी थी, ऐसी कल्पना को चरितार्थ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प लिया। 2047 तक भारत को विश्व का विकसित राष्ट्र बनाने के लिए रक्षा सुरक्षा शिक्षा स्वास्थ्य और कृषि जैसे मुद्दों पर ऐतिहासिक फैसले लिए। कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए संगठन की नीतियों एवं सरकार की उपलब्धियां की चर्चा जगह-जगह करनी है। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा 2014 से पहले का भारत वर्तमान भारत में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। इस अवसर पर विश्व प्रताप सिंह चीनू, नीरज अवस्थी, अनुराग सिंह, मनोज मिश्रा, अजीत पांडे, राघवेंद्र सिंह रानू, डीएस राठौर आदि लोग मौजूद रहे।
केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों की दी गई जानकारियां
